भारत और वेस्टइंडीज के बीच जारी टी20 सीरीज का पांचवां और आखिरी मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होना है। वेंकटेश प्रसाद की अध्यक्षता वाली कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) ने इस मुकाबले को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के लिए अपनी तरफ से पुख्ता इंतजाम किए हैं। वेंकटेश प्रसाद ने इस मैच को देखने के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री जी. परमेश्वर को आमंत्रित किया है।
वेंकटेश प्रसाद मंगलवार को जी. परमेश्वर को भारत-वेस्टइंडीज मैच के लिए आमंत्रित करने पहुंचे थे।
मीडिया से बात करते हुए उन्होंने कहा, "मैं उपमुख्यमंत्री और खेल मंत्री जी. परमेश्वर को भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी20 मुकाबले के लिए आमंत्रित करने आया हूं। मुकाबला 17 अक्टूबर को होने वाला है। जी. परमेश्वर का एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में क्रिकेट की वापसी कराने में अहम योगदान रहा है। चाहे वह आईपीएल हो या फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट। उन्होंने ही कमेटी बनाई थी, जो मैच का आयोजन करने की हमारी तैयारियों से काफी खुश थी। कर्नाटक क्रिकेट एसोसिएशन के प्रबंधन से वे काफी खुश नजर आए थे। हम इसके लिए उपमुख्यमंत्री का आभार जताने आए हैं।"