भारत और श्रीलंका के बीच रविवार से कोलंबो में टेस्ट सीरीज के दूसरे और आखिरी मैच की शुरुआत हो रही है। पहला टेस्ट जीत सीरीज में 1-0 से आगे चल रही टीम इंडिया की कोशिश दूसरा टेस्ट जीत क्लीन स्वीप करने की होगी। वहीं, श्रीलंका जीत दर्ज कर सीरीज में बराबरी की कोशिश करेगी।
पहले टेस्ट में भारत की तरफ से तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए बाएं हाथ के बल्लेबाज देवदत्त पड्डिकल ने पहली पारी में शतक लगाया था। पड्डिकल ने 167 रन की पारी खेली थी, जो भारत के लिए निर्णायक साबित हुई। पड्डिकल ने दूसरी पारी में भी 44 रन बनाए थे और भारत की 165 रन की जीत के बाद उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया था।
भारतीय टीम के पूर्व बल्लेबाज और अपने क्षेत्ररक्षण के लिए मशहूर रहे मोहम्मद कैफ का मानना है कि शतकीय पारी के बाद टेस्ट में तीसरे नंबर के बल्लेबाज के रूप में देवदत्त पड्डिकल का पलड़ा भारी हो गया है।