भारत ने नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब ग्राउंड में जारी तीन दिवसीय अभ्यास मैच में श्रीलंका क्रिकेट इलेवन के खिलाफ अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। दूसरे दिन की समाप्ति तक भारत ने अपनी पहली पारी में 6 विकेट खोकर 357 रन बना लिए हैं। मेहमान टीम मेजबान टीम की पहली पारी से सिर्फ 6 रन पीछे है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम ने अपनी पहली पारी 363/8 के स्कोर पर घोषित की। निशान मदुष्का और रविंदु रसनथा ने पहले विकेट के लिए 110 रन की साझेदारी की। निशान 12 बाउंड्री के साथ 66 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद रविंदु ने पसिंदु सूरियाबंदारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 61 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 171 के स्कोर तक पहुंचाया।
पसिंदु सूरियाबंदारा 6 चौकों के साथ 35 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि रविंदु ने 7 बाउंड्री के साथ 71 रनों की पारी खेली। इसके बाद कप्तान सोनल दिनुशा ने रमेश मेंडिस के साथ सातवें विकेट के लिए 63 रन जुटाते हुए टीम को 300 के पार पहुंचाया। सोनल ने टीम के खाते में 52 रन जोड़े। उनकी इस पारी में 1 छक्का और 5 चौके शामिल रहे, जबकि रमेश मेंडिस ने 32 रन का योगदान दिया। भारत की तरफ से रवींद्र जडेजा, कुलदीप यादव और मानव सुथार ने 2-2 विकेट निकाले, जबकि गुरनूर बरार ने 1 विकेट हासिल किया।