भारतीय क्रिकेट टीम के स्टाइलिश विकेटकीपर बल्लेबाज रहे दिनेश कार्तिक सोमवार को 41 साल के हो रहे हैं। क्रिकेट से संन्यास के बाद कार्तिक कोचिंग और कमेंट्री के क्षेत्र में सक्रिय हैं और बड़ी सफलता हासिल कर रहे हैं। कार्तिक का अंतरराष्ट्रीय और आईपीएल करियर लंबा रहा है, लेकिन उन्हें 2018 में निदाहास ट्रॉफी फाइनल में बांग्लादेश के खिलाफ खेली गई असाधारण पारी और आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर भारतीय टीम को चैंपियन बनाने के लिए याद किया जाता है।
कार्तिक का जन्म 1 जून 1985 को चेन्नई में हुआ था। मात्र 17 साल की उम्र में, 2002 में, तमिलनाडु के लिए उन्होंने प्रथम श्रेणी में डेब्यू किया।
कार्तिक ने घरेलू क्रिकेट में अपनी बल्लेबाजी और विकेटकीपिंग से काफी प्रभावित किया, और यही वजह रही कि घरेलू क्रिकेट में पदार्पण के मात्र 2 साल बाद, यानी 2004 में, उन्हें भारतीय टीम में टेस्ट और वनडे में डेब्यू का मौका मिल गया। 2006 में भारतीय टीम के पहले टी20 मैच में भी वह खेले थे और प्लेयर ऑफ द मैच रहे थे।