श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज चमिंडा वास ने कहा है कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी में एक सफल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर बनने के सभी गुण हैं। उन्होंने कहा कि वैभव पर फैंस और विशेषज्ञों द्वारा अनावश्यक दबाव नहीं डाला जाना चाहिए। वास तेलंगाना टी20 लीग में हिस्सा लेने के लिए अभी भारत में हैं, वे पलामुरु स्ट्राइकर्स के मेंटर हैं।
चमिंडा वास ने आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "भारत ने पिछले कुछ सालों में लगातार विश्व-स्तरीय युवा क्रिकेटर दिए हैं। वैभव सूर्यवंशी अभी बहुत युवा हैं। एक खिलाड़ी के रूप में उसे विकसित होने का समय दिया जाए। मुझे यकीन है कि उसे इंडिया के लिए खेलने और अच्छा करने का मौका मिलेगा। वह राष्ट्रीय टीम में अपनी जगह बना लेगा और कमाल करेगा। बस मैं लोगों से अपील करूंगा कि उस पर दबाव न डालें।"
वैभव सूर्यवंशी आईपीएल 2025 में पदार्पण के बाद से ही क्रिकेट की दुनिया में छाए हुए हैं। आईपीएल 2025 में दमदार शतक लगाकर चर्चा में आने के बाद वैभव ने इंडिया ए और इंडिया अंडर-19 के लिए अलग-अलग फॉर्मेट में जोरदार प्रदर्शन किया है। आईपीएल 2026 में उनके दमदार प्रदर्शन की वजह से उन्हें भारतीय टी20 टीम में जगह दी गई है। वैभव ने आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए 776 रन बनाए थे और ऑरेंज कैप विजेता रहे थे।