दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 के ओपनिंग मैच में अरुण जेटली स्टेडियम में सेंट्रल दिल्ली किंग्स ने पुरानी दिल्ली-6 को चार विकेट से हराया। इस मैच के दौरान आचार संहिता का उल्लंघन करने पर सेंट्रल दिल्ली किंग्स के ऑलराउंडर केशव डबास पर उनकी मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है और उनके खाते में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया।
टूर्नामेंट के पहले मैच में विपक्षी बल्लेबाज देव लाकरा को आउट होने के बाद मैदान से बाहर जाने का इशारा करने के लिए केशव पर डीपीएल आचार संहिता के आर्टिकल 2.5 (लेवल 1) के तहत कार्रवाई की गई। लीग की ओर से शनिवार को जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया, "केशव डबास ने अपनी गलती मान ली और मैच रेफरी मनु नायर द्वारा लगाई गई सजा को स्वीकार कर लिया।"
हालांकि, केशव डबास ने बल्ले से अहम भूमिका निभाई। उन्होंने 9 गेंदों में 17 रनों की नाबाद पारी खेली और सेंट्रल दिल्ली किंग्स को 203 रनों के लक्ष्य तक पहुंचाया। हालांकि, इस सफल चेज की नींव कप्तान यश धुल ने 45 गेंदों में 72 रनों की दमदार पारी खेलकर रखी। धुल ने सलामी बल्लेबाज सिद्धार्थ जून (14 गेंदों पर 23 रन) के साथ मिलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी और महज 5 ओवर में 65 रन जोड़े।