दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में सोमवार को 'वेस्ट दिल्ली लायंस' और 'पुरानी दिल्ली 6' ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए दिन का पहला मैच बारिश से प्रभावित रहा, जिसमें वेस्ट दिल्ली लायंस ने ईस्ट दिल्ली राइडर्स को 'डकवर्थ लुईस नियम' के आधार पर 8 विकेट से करारी शिकस्त दी। बारिश के कारण मैच बाधित होने के बाद वेस्ट दिल्ली लायंस के सामने सात ओवरों में 58 रन का संशोधित लक्ष्य रखा गया, जिसे टीम ने महज 4.1 ओवर में हासिल कर लिया।
पहले बल्लेबाजी करने उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स बारिश के कारण खेल रोके जाने तक 15 ओवरों में पांच विकेट के नुकसान पर 95 रन ही बना सकी। इस टीम के लिए सुजल सिंह ने सर्वाधिक 34 रन बनाए, जबकि अर्पिल राणा ने 32 रन की पारी खेली। वेस्ट दिल्ली लायंस की ओर से गेंदबाजी में मयंक गुसाईं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि शुभम दुबे ने भी 3 ओवर में 17 रन देकर 3 विकेट झटके।