दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में मंगलवार को न्यू दिल्ली टाइगर्स और आउटर दिल्ली वॉरियर्स के बीच रोमांचक मुकाबला 'सुपर ओवर' तक पहुंचा, जिसमें आउटर दिल्ली वॉरियर्स ने जीत हासिल की। बल्ले के साथ शानदार प्रदर्शन के चलते मोनू शुक्ला को 'प्लेयर ऑफ द मैच' चुना गया।
मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यू दिल्ली टाइगर्स ने 15 ओवरों के खेल में 5 विकेट गंवाकर 156 रन बनाए। तनुज पंवार ने लक्ष्य थरेजा के साथ पहले विकेट के लिए 23 रन की साझेदारी की। तनुज 13 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद शिवम गुप्ता (5) के साथ लक्ष्य दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 14 रन ही जुटा सके।
इस टीम ने महज 37 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे। इस बीच बारिश के चलते खेल रोकना पड़ा। खेल दोबारा शुरू हुआ, तो लक्ष्य ने कप्तान हिम्मत सिंह के साथ तीसरे विकेट के लिए 44 गेंदों में 101 रन की शानदार साझेदारी करते हुए टीम को 138 के स्कोर तक पहुंचाया।