दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 में बुधवार को ईस्ट दिल्ली राइडर्स और साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के बीच सीजन का 24वां मैच खेला गया, जिसमें सुपरस्टार्स ने 9 विकेट से शानदार जीत हासिल की।
इस सीजन 6 में से 2 मैच जीतने के बाद साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स प्वाइंट्स टेबल में छठे पायदान पर है। वहीं, सीजन में पांचवीं हार के बाद ईस्ट दिल्ली राइडर्स सबसे निचले स्थान पर है। इस टीम ने अब तक 6 मैच खेले हैं, जिसमें 1 मुकाबला बेनतीजा रहा। टीम अब तक जीत का खाता नहीं खोल सकी है।
अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 6 विकेट गंवाकर 191 रन बनाए। वंश मेहरा ने अर्पित राणा के साथ बतौर सलामी बल्लेबाज 35 गेंदों में 58 रन जुटाए। वंश 16 गेंदों में 27 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि अर्पित ने 23 गेंदों में 34 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। यहां से सुजल सिंह ने मोर्चा संभाला। इस टीम ने 102 के स्कोर तक अपने 4 विकेट गंवा दिया थे, जिसके बाद सुजल ने सूर्यांश रैना के साथ पांचवें विकेट के लिए 43 गेंदों में 58 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।