दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) 2026 विमेंस ऑक्शन में बाएं हाथ की स्पिनर परुनिका सिसोदिया सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं, जिन्हें ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 14 लाख रुपए में खरीदा। आरुषि गोयल 11 लाख रुपए की कीमत के साथ दूसरी सबसे महंगी खिलाड़ी रहीं, उन्हें सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने अपने साथ जोड़ा है। टूर्नामेंट के तीसरे संस्करण के लिए सभी चार फ्रेंचाइजी ने अपनी-अपनी टीमें तैयार कर ली हैं।
ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने परुनिका सिसोदिया और सिमरन बहादुर जैसी नामी खिलाड़ियों को शामिल करते हुए अपनी टीम को मजबूत किया, जबकि सेंट्रल दिल्ली क्वींस ने पहले से टीम में मौजूद ऑलराउंडर सोनी यादव के साथ जोड़ी बनाने के लिए ऑलराउंडर आरुषि गोयल को खरीदा।
नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स ने पहले से टीम में मौजूद खिलाड़ी आयुषी सोनी के साथ प्रिया मिश्रा को जोड़कर अपनी गेंदबाजी को मजबूत किया। वहीं, साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने भारत की अंडर-19 खिलाड़ी श्वेता सहरावत के साथ जोड़ी बनाने के लिए भारत की तरफ से 12 वनडे और 3 टी20 मैच खेल चुकीं बल्लेबाज प्रिया पुनिया को साइन किया।