भारतीय ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को आगामी दिलीप ट्रॉफी के लिए वेस्ट जोन टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि अनुभवी बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर शम्स मुलानी को उप-कप्तानी सौंपी गई है। यह टीम सोमवार को जोनल सिलेक्शन कमिटी की बैठक के बाद घोषित की गई। दिलीप ट्रॉफी टूर्नामेंट 23 अगस्त से 10 सितंबर तक बेंगलुरु में बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) ग्राउंड्स पर खेला जाएगा।
पिछले साल, भारत के सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर शार्दुल ठाकुर ने वेस्ट जोन की कमान संभाली थी। टीम सेमीफाइनल तक तो पहुंची, लेकिन इससे आगे नहीं बढ़ सकी, क्योंकि सेंट्रल जोन ने पहली पारी में बढ़त हासिल कर ली थी। अब, आगामी टूर्नामेंट के लिए कप्तानी की जिम्मा गायकवाड़ को सौंप दिया गया है।
ऋतुराज गायकवाड़ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की कप्तानी भी करते हैं। वह हाल ही में श्रीलंका 'ए' के खिलाफ 50-ओवर की ट्राई-सीरीज और रेड-बॉल मुकाबलों के लिए भारत 'ए' टीम में शामिल थे।