दिलीप ट्रॉफी: क्वार्टर फाइनल में सुदीप-शाहबाज के शतक, पहले दिन ईस्ट जोन ने 6 विकेट खोकर 355 रन बनाए (Image Source: IANS)
ईस्ट जोन ने दिलीप ट्रॉफी 2026 के क्वार्टर फाइनल-1 में नॉर्थ ईस्ट जोन के खिलाफ पहले दिन 6 विकेट खोकर 355 रन बनाए लिए हैं। इस पारी में सुदीप कुमार घरामी और शाहबाज अहमद शतक लगा चुके हैं।
बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी के लिए उतरी ईस्ट जोन की शुरुआत खराब रही। इस टीम ने 12 के स्कोर पर वैभव सूर्यवंशी का विकेट गंवा दिया था। इसके बाद कुमार कुशाग्र के साथ अभिमन्यु ईश्वरन दूसरे विकेट के लिए 13 रन ही जुटा सके।
ईश्वरन 20 गेंदों में 2 चौकों के साथ 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद सुदीप कुमार घरामी ने कुमार कुशाग्र के साथ तीसरे विकेट के लिए 92 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया। कुशाग्र ने 9 चौकों के साथ 55 रन की पारी खेली, जिसके बाद टीम ने विराट सिंह (2) और कप्तान ईशान किशन (4) के विकेट भी खो दिए।