आईसीसी महिला टी20 विश्व कप 2026 की मेजबान इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) ने टूर्नामेंट को विश्वस्तरीय बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। टूर्नामेंट डायरेक्टर बेथ बैरेट-वाइल्ड ने कहा कि प्रतियोगिता के आयोजन ने न केवल क्रिकेट सुविधाओं के विकास को गति दी है, बल्कि खिलाड़ियों की सुरक्षा, लॉजिस्टिक्स और ऑनलाइन दुर्व्यवहार जैसे अहम मुद्दों पर भी ध्यान दिया गया है।
बेथ बैरेट-वाइल्ड आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "12 जून से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाले इस वैश्विक टूर्नामेंट के लिए इंग्लैंड के छह शहरों में सात प्रमुख वेन्यू तैयार किए गए हैं। इनमें ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड और साउथेम्प्टन के यूटिलिटा बाउल में बड़े स्तर पर बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है। विश्व कप की मेजबानी किसी भी देश के लिए खेल सुविधाओं में निवेश का महत्वपूर्ण अवसर लेकर आती है और इस बार भी ऐसा ही देखने को मिला है।"
उन्होंने कहा, "ब्रिस्टल काउंटी ग्राउंड में चेंजिंग रूम और खिलाड़ियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए लगभग 30 लाख पाउंड का निवेश किया गया है। इस परियोजना के तहत चार आधुनिक चेंजिंग सुविधाएं तैयार की गई हैं, जिससे एक ही दिन में कई मुकाबलों और डबल-हेडर मैचों का सफल आयोजन किया जा सकेगा। हाल के वर्षों में ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट के दौरान डबल-हेडर मुकाबलों को मिली सफलता को देखते हुए यह निवेश काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।"