भारत के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने सोमवार को अपनी 17-सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। हैरी ब्रूक टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया गया है। पांच मुकाबलों की यह सीरीज 1-11 जुलाई के बीच खेली जाएगी।
इंग्लिश टीम में जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर और साकिब महमूद की भी वापसी हुई है। ये तीनों खिलाड़ी इस साल की शुरुआत में हुए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल सके थे। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स और सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।
22 वर्षीय जेम्स कोल्स 2026 मेंस हंड्रेड प्रतियोगिता में सबसे महंगे खिलाड़ी थे। वह एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप और इंग्लैंड लायंस के लिए खेल चुके हैं। कोल्स ने अपने टी20 करियर की 71 पारियों में 28.60 की औसत के साथ 1,373 रन बनाए हैं, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं।