इंग्लैंड बनाम न्यूजीलैंड: डकेट-बेथेल की शानदार बल्लेबाजी, दूसरे दिन इंग्लैंड की वापसी (Image Source: IANS)
मेजबान इंग्लैंड ने न्यूजीलैंड के विरुद्ध ट्रेंट ब्रिज में जारी टेस्ट सीरीज के तीसरे और निर्णायक मुकाबले में शानदार वापसी की है। कीवी टीम ने अपनी पहली पारी में 438 रन बनाए, जिसके जवाब में इंग्लैंड ने दूसरे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट खोकर 223 रन बना लिए हैं। यहां से इंग्लैंड 215 रन पीछे है।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम को सलामी जोड़ी के रूप में टॉम लैथम और डेवोन कॉन्वे की जोड़ी ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों खिलाड़ियों ने पहले विकेट के लिए 317 रन जोड़े।
लैथम 15 चौकों के साथ 151 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि कॉन्वे ने 22 चौकों और 3 छक्कों के साथ 157 रन बनाए। इसके बाद हेनरी निकोल्स (36) ने रचिन रवींद्र (7) के साथ तीसरे विकेट के लिए 42 रन जोड़े। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही।