इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट स्टेडियम में खेला जा रहा है। पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही और सलामी बल्लेबाज अजान अवैस मैच की पहली ही गेंद पर पवेलियन लौटे।
ओली रोबिन्सन की अंदर आती हुई गेंद को अजान समझने में पूरी तरह से नाकाम रहे और गेंद सीधा उनके पैड पर आकर लगी, जिसके बाद अंपायर ने तुरंत अपनी उंगली खड़ी कर दी। पाकिस्तान के बल्लेबाज ने डीआरएस का भी इस्तेमाल किया, लेकिन वह विकेटों के ठीक सामने पाए गए। अजान अवैस टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पाकिस्तान की ओर से मैच की पहली ही गेंद पर आउट होने वाले महज दूसरे सलामी बल्लेबाज बने हैं। उनसे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड मोहसिन खान के नाम दर्ज है, जो 1983 में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच की पहली ही बॉल पर अपना विकेट गंवा बैठे थे।
वहीं, ओली रोबिन्सन इंग्लैंड की तरफ से टेस्ट मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लेने वाले महज चौथे गेंदबाज बने हैं। रोबिन्सन से पहले यह कारनामा मॉरिस टेट, जॉफ्री ग्राहम अर्नोल्ड और रयान साइडबॉटम कर चुके हैं। बारिश के चलते खेल रोके जाने तक पाकिस्तान ने पहली पारी में अपने 2 विकेट सिर्फ 23 रनों के स्कोर पर गंवा दिए हैं। अजान अवैस बिना खाता खोले पवेलियन लौटे, जबकि इंजरी के बाद टीम में वापसी करने वाले शान मसूद सिर्फ 5 रन बनाकर ओली रोबिन्सन का दूसरा शिकार बने।