पाकिस्तान और इंग्लैंड के बीच पहला टेस्ट मैच लीड्स के हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जा रहा है। टेस्ट के पहले दिन ओली रॉबिन्सन और जॉश टंग ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पांच-पांच विकेट चटकाए।
आमतौर पर 5 विकेट लेने के बाद गेंदबाज क्रिकेट बॉल को अपने पास रख लेता है, लेकिन एक ही पारी में पांच-पांच विकेट लेने के चलते रॉबिन्सन और टंग ने दिन का खेल खत्म होने के बाद गेंद को दो हिस्सों में बांट दिया। गेंद के एक हिस्से को रॉबिन्सन ने अपने पास रखा, जबकि गेंद का एक पार्ट टंग के पास रहा।
रॉबिन्सन और टंग ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान की पूरी टीम को पहली पारी में 171 रनों पर समेटा। टंग ने 46 रन देकर 5 विकेट चटकाए, जबकि रॉबिन्सन ने 51 रन देकर 5 विकेट झटके। प्रेस कॉन्फ्रेंस में रॉबिन्सन ने कहा, "हम मैदान से बाहर जा रहे थे और मैंने टंग से कहा, 'मुझे लगता है कि हमें इसे बांट लेना चाहिए।' उन्होंने भी यही बात कही। मैंने कहा कि हमें ऐसा करना चाहिए, यह बहुत बढ़िया रहेगा। क्रिकेट बॉल के आधे हिस्से अक्सर नहीं मिलते, इसलिए यह कुछ ऐसा होगा जिसे हम कभी नहीं भूलेंगे। ऐसा बहुत कम होता है कि एक ही पारी में दो खिलाड़ी पांच-पांच विकेट लें, इसलिए यह एक अच्छा भाव है और याद रखने लायक बात है।"