Sairaj Bahutule: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर साईराज बहुतुले भारत की सीनियर मेंस क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किए गए हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। बहुतुले सभी फॉर्मेट में भारत के अगली पीढ़ी के स्पिनर्स का मार्गदर्शन करेंगे।
बीसीसीआई की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर पुरुष) का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है।"
घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव हासिल करने के बाद बहुतुले इस भूमिका में आए हैं। अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए बहुतुले ने कहा, "भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। बतौर खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी। अब कोचिंग की भूमिका में भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर योगदान देने का मौका मिलना बहुत खास है। मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और सभी फॉर्मेट में टीम की बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिशों में उनका साथ देने के लिए उत्सुक हूं।"