New Zealand VS Canada: महज 19 वर्षीय युवराज समारा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 31वें मुकाबले में 110 रन की पारी खेलकर खेल के सबसे बड़े मंच पर अपनी शानदार छाप छोड़ी है।
अपने पहले टी20 वर्ल्ड कप में खेलने उतरे इस किशोर खिलाड़ी ने अपनी उम्र से कहीं ज्यादा शांत और शानदार खेल दिखाया है। उन्होंने 58 गेंदों में शतक लगाकर इतिहास रचा। वह 19 साल और 141 दिन की उम्र में टी20 वर्ल्ड कप के इतिहास में अर्धशतक और शतक लगाने वाले सबसे युवा बल्लेबाज बन गए हैं। यह टूर्नामेंट में किसी एसोसिएट देश के खिलाड़ी का पहला शतक भी है।
इस यादगार पारी के बारे में बताते हुए सामरा ने कहा, "सच कहूं तो, जब से हमने वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई किया था, तब से मैं इस पल को महसूस कर रहा था। हर एक दिन, मैं इस स्टेज पर सेंचुरी लगाने का सपना देखता था। यहां, अपनी पहली मौजूदगी में, और इस वर्ल्ड कप में सबसे युवा खिलाड़ी के तौर पर ऐसा करना एक सपना सच होने जैसा है।"