दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सीजन का आगाज शुक्रवार से होने जा रहा है। पुरानी दिल्ली 6 की इस सीजन कप्तानी करने जा रहे विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत अपने नए रोल को लेकर काफी उत्साहित हैं।
अनुज ने कहा कि टीम जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत करने के लिए उत्सुक है और सेंट्रल दिल्ली किंग्स के खिलाफ टूर्नामेंट के अपने ओपनिंग मैच से पहले उन्होंने तैयारी में कोई कसर नहीं छोड़ी है। पुरानी दिल्ली 6 शुक्रवार शाम को अरुण जेटली स्टेडियम में लीग के शुरुआती मैच में सेंट्रल दिल्ली किंग्स का सामना करेगी। रावत ने कहा, "टूर्नामेंट से पहले हमने लगभग 15 से 16 प्रैक्टिस सेशन किए हैं, और हर खिलाड़ी ने जबरदस्त जोश और प्रतिबद्धता दिखाई है।"
फ्रेंचाइजी के एक बयान में रावत ने कहा, "टीम ने बहुत अच्छी तैयारी की है और हर कोई मैदान पर उतरने के लिए बेताब है। पुरानी दिल्ली 6 की कप्तानी करना मेरे लिए गर्व की बात है और मैं इस जिम्मेदारी के लिए तैयार हूं। हमारे पास अनुभव और युवा जोश का सही मिश्रण है और हमारा पूरा ध्यान सकारात्मक क्रिकेट खेलने, हर मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ देने और जीत के साथ टूर्नामेंट की शुरुआत करने पर है।"