कनाडा के बैटिंग ऑलराउंडर हर्ष ठाकर पर शुक्रवार को स्कॉटलैंड के खिलाफ आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप लीग 2 मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने के लिए उनकी मैच फीस का 30 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है।
ठाकर को खिलाड़ियों और खिलाड़ी सहायता कर्मियों के लिए आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.8 का उल्लंघन करते हुए पाया गया, जो "अंतर्राष्ट्रीय मैच के दौरान अंपायर के फैसले पर असहमति जताने" से संबंधित है। इसके अलावा, कनाडा के खिलाड़ी के आधिकारिक अनुशासनात्मक रिकॉर्ड में दो डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़े गए हैं; यह 24 महीनों के भीतर उनका पहला अपराध है।
यह घटना 26वें ओवर के अंत में हुई, जब ऑन-फील्ड अंपायर द्वारा उनकी एलबीडब्ल्यू की अपील को खारिज करने के बाद ठाकर ने कड़ी निराशा जताई।ठाकर ने अपने हाथ हिलाकर और सिर हिलाकर प्रतिक्रिया दी। इसके बाद अंपायर से अपनी कैप वापस मिलने पर ठाकर ने मैदान के बाहर अपने कोचिंग स्टाफ की ओर इशारा किया कि बल्लेबाज आउट था।