ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन पीठ में डिस्क की समस्या के कारण आगामी महिला बिग बैश लीग से बाहर हो गई हैं। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (सीए) ने सोमवार को इसकी पुष्टि की। ब्राउन हाल ही में ऑस्ट्रेलिया ए टीम के साथ भारत दौरे पर थीं, जहां उन्होंने दो टी20 और एक वनडे मैच खेला था।
भारत दौरे के दौरान ही 23 साल की इस खिलाड़ी की पीठ की पुरानी दिक्कत फिर उभर आई और उन्हें बीच दौरे से ही घर लौटना पड़ा। इस चोट के कारण वह बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज और न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं बना पाईं।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने बयान में कहा, "पिछले महीने भारत से घर लौटने के बाद ब्राउन की जांच की गई थी, और कुछ समय तक डी-लोडिंग के बाद भी उनकी चोट इतनी ठीक नहीं हुई है कि वह ट्रेनिंग फिर से शुरू कर सकें। इस वजह से वह आने वाले डब्ल्यूबीबीएल सीजन के लिए समय पर पूरी तरह से फिट नहीं हो पाएंगी।"