पाकिस्तान की महिला राष्ट्रीय चयन समिति ने शनिवार को श्रीलंका के खिलाफ 3 वनडे और इतने ही टी20 मुकाबलों की सीरीज के लिए 15 सदस्यीय टीमों की घोषणा की। ये 6 मैच 23 जुलाई से 4 अगस्त तक हंबनटोटा में आयोजित होंगे। विकेटकीपर-बल्लेबाज मुनीबा अली सिद्दीकी को श्रीलंका के आगामी दौरे के लिए पाकिस्तानी महिला टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है। नियमित कप्तान फातिमा सना टी20 सीरीज का हिस्सा नहीं हैं, क्योंकि वह इंग्लैंड में 'द हंड्रेड' टूर्नामेंट खेलेंगी।
दोनों देशों के बीच 23 जुलाई, 25 जुलाई और 28 जुलाई को वनडे मैच खेले जाएंगे, जिसके बाद 31 जुलाई, 2 अगस्त और 4 अगस्त को टी20 मुकाबलों का आयोजन होगा। पाकिस्तानी टीम 20 जुलाई को श्रीलंका पहुंचेगी, जिसके बाद 21 और 22 जुलाई को प्रशिक्षण सत्र होंगे।
फातिमा सना 100-बॉल लीग खेलने वाली पहली पाकिस्तानी महिला बनने जा रही हैं। वह श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में टीम की कप्तानी करेंगी, जिसके बाद टी20 सीरीज के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी मुनीबा को सौंप देंगी। शानदार फॉर्म में चल रहीं फातिमा ने विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 के 5 मुकाबलों में 11 विकेट लिए। इसके अलावा, एक अर्धशतक की मदद से कुल 85 रन बनाए।