वेस्टइंडीज ने भारत के खिलाफ शनिवार को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में जारी मुकाबले में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। बारिश के चलते यह मैच 9-9 ओवरों का होगा। इस मुकाबले के साथ तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार करीब 4 साल बाद भारतीय टीम में वापसी कर रहे हैं। उनके अलावा, शिवम दुबे भी भारतीय प्लेइंग इलेवन का हिस्सा हैं। पांच मुकाबलों की सीरीज फिलहाल 2-2 से बराबरी पर है। ऐसे में यह मैच जीतने वाली टीम सीरीज भी अपने नाम करेगी।
तय समय के अनुसार टॉस शाम साढ़े 6 बजे होना था, लेकिन बारिश के बाद यह रात 9 बजे हुआ। अब मुकाबला रात 9.15 से शुरू होगा। पावरप्ले 2.4 ओवर का होगा।
भुवनेश्वर कुमार भारत के लिए पिछली बार नवंबर 2022 में टी20 मैच खेले थे, जिसके बाद वह कभी प्लेइंग इलेवन में जगह नहीं बना सके। आईपीएल में आरसीबी की तरफ से खेलते हुए लगातार शानदार प्रदर्शन के बाद आखिरकार भुवी ने लंबे वक्त बाद अंतिम एकादश में अपना स्थान बनाया है।