अफगानिस्तान के सलामी बल्लेबाज रहमानुल्लाह गुरबाज ने शनिवार को भारत के खिलाफ 51 गेंदों में 102 रन की तूफानी पारी खेली। इस शानदार पारी का श्रेय अफगान बल्लेबाज ने टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर को दिया है। गुरबाज ने बताया कि न्यू चंडीगढ़ में हुए टेस्ट मैच के बाद भारत के हेड कोच गौतम गंभीर के साथ हुई बातचीत से उन्हें अपने शॉट सिलेक्शन को बेहतर बनाने में मदद मिली।
गुरबाज ने इस पारी में 8 छक्के और इतने ही चौके लगाए। शानदार और साफ-सुथरे शॉट्स खेलते हुए, गुरबाज ने सिर्फ 48 गेंदों में अपना 9वां वनडे शतक पूरा किया, जो किसी अफगानी बल्लेबाज का सबसे तेज वनडे शतक था।
शतकीय पारी के बाद गुरबाज ने ब्रॉडकास्टर्स से कहा, "भारत के खिलाफ टेस्ट मैच के बाद, मेरी गौतम गंभीर सर के साथ बहुत अच्छी बातचीत हुई थी। उस चर्चा से मुझे सच में मदद मिली। मैंने नेट्स में उन सुझावों पर काम किया और मैं उस मार्गदर्शन के लिए बहुत आभारी हूं। जब टेस्ट मैच खत्म हुआ, तो मैंने उनसे कहा कि मैं अपने शॉट सिलेक्शन को बेहतर बनाना चाहता हूं। उन्होंने कुछ अच्छे सुझाव दिए और मैं आज उन्हें लागू कर पाया। मैंने बस सकारात्मक खेलने की कोशिश की और यह मेरे लिए कारगर रहा।"