England First ODI: इंग्लैंड के खिलाफ एजबेस्टन में जारी वनडे सीरीज के पहले मैच में भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी टीम इंडिया का उत्साह बढ़ाने स्टेडियम में पहुंचे, जहां फैंस ने उनका जोरदार स्वागत किया। माही ने अपनी पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ स्टैंड्स से मैच का लुत्फ उठाया। इस मैच के दौरान बॉलीवुड एक्ट्रेस कृति सेनन की मौजूदगी ने भी माहौल को और खास बना दिया।
मैच के दौरान, धोनी भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज दिनेश कार्तिक से भी मिले। इससे पहले धोनी भारत-इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का तीसरा मैच देखने ट्रेंट ब्रिज पहुंचे थे।
मंगलवार को खेले जा रहे मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लिश टीम 47.5 ओवरों में 258 रन पर सिमट गई। मेजबान टीम के लिए सलामी जोड़ी के रूप में बेन डकेट और जैकब बेथेल ने 12.2 ओवरों में 61 रन की साझेदारी की, लेकिन इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम बिखर गई। आलम ये रहा कि इंग्लैंड ने 107 के स्कोर तक अपने 6 विकेट गंवा दिए थे। यहां से लियाम डॉसन और जो रूट ने सातवें विकेट के लिए 134 गेंदों में 121 रन की साझेदारी करते हुए टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया।