भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने शुक्रवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया है। 20 वर्षीय बल्लेबाज निकी प्रसाद को इस मुकाबले के साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर डेब्यू का मौका मिला है।
'विमेन इन ब्लू' इस मुकाबले को जीतकर सीरीज में बढ़त हासिल करना चाहेगी। सीरीज के अगले मुकाबले 18 और 20 अक्टूबर को इसी मैदान पर खेले जाने हैं, जिसके बाद 23-28 अक्टूबर के बीच तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज वडोदरा के बीसीए स्टेडियम में आयोजित होगी।
रायपुर में टॉस जीतने के बाद भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने कहा, "ड्यू (ओस) फैक्टर को देखते हुए, हम आज पहले फील्डिंग करना चाहेंगे। चैंपियंस ट्रॉफी तक के सफर को ध्यान में रखते हुए हमारा नजरिया यह है कि आगे चलकर रात में और ओस के बीच कई मैच खेले जाएंगे। अपनी प्लेइंग इलेवन चुनते समय हमने निश्चित रूप से इस बात पर विचार किया है। इसीलिए आज हम तीन तेज गेंदबाजों और दो मुख्य स्पिनर्स के साथ उतर रहे हैं, और शेफाली हमारे लिए छठे विकल्प के रूप में मौजूद हैं। इस मुकाबले में दुर्भाग्य से, प्रेमा (रावत), जिंतिमाणी (कलिता), मीनू मणि और कम्मू (कमलिनी) को मौका नहीं मिल पाया है। बेशक, वे सभी अच्छी खिलाड़ी हैं, लेकिन आज के टीम कॉम्बिनेशन के हिसाब से, दुर्भाग्य से उन्हें बाहर रहना पड़ रहा है।"