आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज गंवाने के बाद अब भारतीय टीम बुधवार से एक नया अध्याय शुरू करेगी। बुधवार को टीम इंडिया मेजबान इंग्लैंड के विरुद्ध 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेलेगी। पहला मुकाबला चेस्टर-ले-स्ट्रीट के रिवरसाइड ग्राउंड पर भारतीय समय के अनुसार रात 10 बजे से खेला जाएगा।
आयरलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद 'अय्यर एंड कंपनी' के सामने कई सवाल हैं। यह दुनिया की सबसे मजबूत टी20 टीमों में से एक के खिलाफ खुद को फिर से साबित करने का मौका भी है।
आयरलैंड में मिली हार ने भारत की बैटिंग यूनिट को लेकर चिंता खड़ा कर दी है। विस्फोटक स्ट्रोक-मेकर्स से भरी लाइन-अप होने के बावजूद, मेहमान टीम दोनों मैचों में बड़ी साझेदारी बनाने या अहम मौकों पर फायदा उठाने में नाकाम रही। अब जब उनके सामने 5 मुकाबलों की लंबी सीरीज है, तो भारत उम्मीद करेगा कि पिछले झटके सबक के तौर पर काम आएं।