जिम्बाब्वे ने शहीद वीर नारायण सिंह इंटरनेशनल स्टेडियम में जारी टी20 सीरीज के पहले मैच में भारत के खिलाफ जीत के लिए 115 रन का टारगेट रखा है। इस पारी में एक तरफ केलिस नधलोवु और शार्ने मेयर्स ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया, तो दूसरी और नंदनी शर्मा और श्री चरणी ने कसी हुई गेंदबाजी करते हुए मेहमान टीम को 114/5 के स्कोर पर रोका।
रायपुर में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम ने पहले ही ओवर की अंतिम गेंद पर बिलव्ड बिजा (0) का विकेट गंवा दिया था, जिसके बाद केलिस नधलोवु ने मोडेस्टर मुपाचिकवा के साथ दूसरे विकेट के लिए 56 गेंदों में 53 रन की साझेदारी करते हुए मेहमानों को संभाला।
मुपाचिकवा 26 गेंदों में 1 चौके के साथ 16 रन बनाकर आउट हुईं, जिसके बाद नधलोवु ने शार्ने मेयर्स के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 22 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 82 के स्कोर तक पहुंचाया, लेकिन इस बीच रनगति धीमी पड़ने लगी।