भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मैच में अपनी मजबूत पकड़ बना रखी है। जीत के लिए 363 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने तीसरे दिन की समाप्ति तक 2 विकेट खोकर 55 रन बना लिए हैं।
क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड में जारी चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी भारत-ए ने पहली पारी में 334 रन बनाए। टीम ने 20 रन तक 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद साई सुदर्शन (57) ने शेख रशीद (16) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की।
टीम ने 97 के स्कोर तक अपने 5 विकेट खो दिए थे, जिसके बाद तनुष कोटियन ने कुमार कुशाग्र के साथ छठे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचा दिया। तनुष ने 5 बाउंड्री के साथ 69 रन की पारी खेली, जबकि कुमार कुशाग्र ने 12 चौकों के साथ 113 रन बनाए। विपक्षी खेमे से कोरी रोचिचिओली ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि टॉड मर्फी को 3 विकेट हाथ लगे।