भारत-ए ने ऑस्ट्रेलिया-ए के खिलाफ क्रिकेट एसोसिएशन पुडुचेरी सीचेम ग्राउंड में जारी अनाधिकारिक टेस्ट सीरीज के पहले मुकाबले में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। पहली पारी में 334 रन बनाने के बाद मेजबान टीम ने दूसरे दिन की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया-ए को उसकी पहली पारी में सिर्फ 171 रन पर समेट दिया। फिलहाल भारतीय टीम के पास 163 रन की बढ़त है।
चार दिवसीय मुकाबले में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे, जिसके बाद साई सुदर्शन (57) ने शेख रशीद (16) के साथ तीसरे विकेट के लिए 58 रन की साझेदारी की, लेकिन इसके बाद टीम फिर से बिखर गई। आलम ये रहा कि 5 विकेट 97 के स्कोर तक गिर गए।
यहां से तनुष कोटियन ने कुमार कुशाग्र के साथ छठे विकेट के लिए 138 रन की साझेदारी करते हुए टीम को 250 के पार पहुंचा दिया। कुशाग्र 12 चौकों के साथ 113 रन बनाकर आउट हुए, जबकि तनुष ने 69 रन टीम के खाते में जोड़े। विपक्षी खेमे से कोरी रोचिचिओली ने सर्वाधिक 4 विकेट निकाले, जबकि टॉड मर्फी को 3 सफलताएं हाथ लगीं।