फीफा विश्व कप 2026 की शुरुआत हो चुकी है। विश्व कप के रोमांच में पूरी दुनिया डूबी हुई है। भारतीय टीम विश्व कप के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई है। इसके बावजूद देश में मेगा इवेंट को लेकर उत्साह है। यह उत्साह गोवा में एक अलग ही स्तर पर देखने को मिल रहा है। गोवा में फुटबॉल टूर्नामेंट भी चल रहा है, और खिलाड़ी के साथ-साथ फैंस विश्व कप का भी आनंद ले रहे हैं।
फुटबॉल कोच डोमिनिक अराउजो ने आईएएनएस से कहा, "फीफा विश्व कप 2026 चल रहा है। हम टूर्नामेंट का काफी आनंद ले रहे हैं। गोवा में फुटबॉल बेहद लोकप्रिय है। फुटबॉल हमारे खून में है।"
उन्होंने कहा कि यहां राष्ट्रीय स्तर का फुटबॉल टूर्नामेंट चल रहा है। हम 7वीं बार इसका आयोजन कर रहे हैं। अंडर-14, अंडर-16 और अंडर-17 के लड़के और लड़कियां हिस्सा ले रहे हैं। मैं चाहता हूं कि गोवा में फुटबॉल खेलने वाली लड़कियों की संख्या बढ़े।