Indian Premier League: राजस्थान रॉयल्स (आरआर) के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने चौथी बार आईपीएल पारी की पहली गेंद पर 'छक्का' लगाने का कारनामा किया है। इस मामले में जायसवाल शीर्ष पर हैं। शुक्रवार को सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में आरआर के सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल ने दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाज मिचेल स्टार्क के ओवर की पहली ही गेंद को सीधे मैदान से बाहर भेजा। ऐसा चौथी बार था, जब जायसवाल ने आईपीएल 'पारी' की पहली ही गेंद पर छक्का लगाया।
आईपीएल मैच की सर्वाधिक पारियों में पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में प्रियांश आर्य दूसरे स्थान पर हैं, जिन्होंने 2 बार ऐसा किया है। इनके अलावा, नमन ओझा, मयंक अग्रवाल, सुनील नरेन, विराट कोहली, रॉबिन उथप्पा, फिल साल्ट और संजू सैमसन 1-1 बार ऐसा कर चुके हैं।
इसी के साथ जायसवाल आईपीएल 'मैच' की पहली गेंद पर छक्का लगाने वाले पांचवें बल्लेबाज बन गए हैं। साल 2009 में ब्रैड हॉज (केकेआर) की गेंद पर नमन ओझा (आरआर) ने छक्का लगाया था। इसके बाद आईपीएल 2019 में विराट कोहली (आरसीबी) ने वरुण आरोन (आरआर) के खिलाफ ऐसा किया था। आईपीएल 2024 में नुवान तुषारा (एमआई) ने फिल साल्ट (केकेआर) की पहली गेंद को छक्के के लिए भेजा था,जबकि आईपीएल 2025 में खलील अहमद (सीएसके) की गेंद पर प्रियांश आर्य (पीबीकेएस) ने यह कारनामा किया था।