भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल को घरेलू सत्र 2026-27 के लिए मुंबई की हर स्तर की पुरुष टीम का मेंटर बनाया गया है। मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने बुधवार को यह घोषणा की।
एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा, "संदीप पाटिल के मेंटर बनने से हमारे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बहुत फायदा होगा। खेल के सबसे ऊंचे स्तर पर उनका व्यापक अनुभव, मुंबई क्रिकेट की उनकी गहरी समझ के साथ मिलकर, क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा।"
1983 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे पाटिल ने 1980 से 1986 के बीच भारतीय टीम के लिए 29 टेस्ट और 45 वनडे खेले। वह मुंबई की सभी पुरुष टीमों के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ दोनों को रणनीतिक मार्गदर्शन, तकनीकी विशेषज्ञता, नेतृत्व विकास और प्रेरक सहयोग देंगे। इसके अलावा, मैच समीक्षा, प्रतिभाओं की पहचान, तैयारी कैंप और टूर्नामेंट के दौरान भी वे सक्रिय रहेंगे।