भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व सहायक कोच रयान टेन डोशेट को नाइट राइडर्स स्पोर्ट्स ने एक बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। नीदरलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज को फ्रेंचाइजी का 'हेड ऑफ क्रिकेट स्ट्रैटेजी' नियुक्त किया गया है। इस नई भूमिका के साथ टेन डोशेट एक बार फिर नाइट राइडर्स परिवार का हिस्सा बन गए हैं। अब वह फ्रेंचाइजी की अलग-अलग टीमों के लिए खिलाड़ियों की खोज, टीम तैयार करने की रणनीति और भविष्य की योजनाओं पर काम करेंगे।
टेन डोशेट की नई जिम्मेदारी काफी अहम होगी। वह खिलाड़ियों की स्काउटिंग, टीम चयन, स्क्वाड प्लानिंग और खिलाड़ियों के प्रदर्शन का आकलन करने के लिए रणनीति तैयार करेंगे। इसके अलावा वह नाइट राइडर्स की सभी टीमों में एक जैसी क्रिकेट सोच और योजना लागू करने के लिए कोचिंग स्टाफ के साथ मिलकर काम करेंगे।
नाइट राइडर्स ग्रुप की कई टीमें दुनिया की अलग-अलग टी20 लीग में हिस्सा लेती हैं। टेन डोशेट को कैरेबियन प्रीमियर लीग (सीपीएल) में ट्रिनबागो नाइट राइडर्स, यूएई की इंटरनेशनल लीग टी20 (आईएलटी20) में अबू धाबी नाइट राइडर्स और मेजर लीग क्रिकेट (एमसीएल) में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स के लिए असिस्टेंट कोच की भूमिका भी निभानी होगी।