World Cup Semi: भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ नवी मुंबई स्थित डीवाई पाटिल स्पोर्ट्स एकेडमी में खेले गए दूसरे सेमीफाइनल मैच को 5 विकेट से अपने नाम किया। पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर दानिश कनेरिया महिला विश्व कप 2025 में भारत के प्रदर्शन से काफी खुश हैं। उन्हें उम्मीद है कि टीम इंडिया ही विश्व कप खिताब अपने नाम करेगी।
पूर्व लेग स्पिनर दानिश कनेरिया ने आईएएनएस से कहा, "भारतीय महिला टीम इस विश्व कप में शानदार प्रदर्शन कर रही है। उन्हें विश्व कप जीतने का प्रबल दावेदार माना जा रहा है। भारत के पुरुष खिलाड़ियों ने एशिया कप जीता। अब भारतीय महिलाएं वनडे विश्व कप जीतेंगी। इसके बाद पुरुषों के टी20 वर्ल्ड कप को भारत जीतेगा।"
कनेरिया ने ऑस्ट्रेलिया को एक मजबूत टीम बताते हुए कहा, "भारत की महिलाओं ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। फाइनल में जाने के लिए उन्हें आत्मविश्वास मिला है। ऑस्ट्रेलिया एक मजबूत टीम है। उनकी महिलाएं लड़कों के साथ भी खेलती हैं। उनका फिटनेस लेवल शानदार है। ऑस्ट्रेलिया ने शानदार मैच खेला, लेकिन भारतीय टीम ने मुकाबला अपने नाम किया।"