दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जस्टिन केम्प को क्रिकेट नामीबिया का नया 'डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट' बनाया गया है। बुधवार को क्रिकेट नामीबिया ने इसकी घोषणा की।
क्रिकेट नामीबिया ने बुधवार को एक बयान में कहा, "डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट के तौर पर, केम्प क्रिकेट नामीबिया में क्रिकेट ऑपरेशन्स की रणनीतिक दिशा की देखरेख करेंगे। इसमें राष्ट्रीय टीमें, हाई-परफॉर्मेंस प्रोग्राम, टैलेंट की पहचान करने वाले स्ट्रक्चर, कोचों के विकास के तरीके और पूरे देश में खेल का लगातार विकास शामिल है।"
बोर्ड ने कहा, "यह नियुक्ति क्रिकेट नामीबिया के एक वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धी क्रिकेट देश बनने के विजन के अनुरूप है। केम्प के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का अनुभव और दुनिया के कुछ बेहतरीन हाई-परफॉर्मेंस और फ्रेंचाइजी माहौल में काम करने का अनुभव, संगठन की क्रिकेट सिस्टम को मजबूत करने और ग्रासरूट लेवल से इंटरनेशनल सफलता तक के लिए टिकाऊ रास्ते बनाने की कोशिशों में मदद करेगा।"