न्यूजीलैंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चौथे टी20 में भारतीय टीम को 87 रनों से हराया। न्यूजीलैंड ने इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 259 रन बनाए, जो टी20 में टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है।
इससे पहले, न्यूजीलैंड का टी20 में सबसे बड़ा स्कोर 5 विकेट खोकर 254 रन था, जो टीम ने स्कॉटलैंड के खिलाफ साल 2022 में बनाया था। चौथे टी20 में पहले बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टिम सीफर्ट सिर्फ 3 रन बनाकर आउट हुए। डेरिल मिचेल 9 गेंदों में 24 रन बनाने के बाद मयंक यादव का शिकार बने। फिन एलन ने 17 गेंदों में 31 रन बनाए। हालांकि, इसके बाद ग्लेन फिलिप्स और माइकल ब्रेसवेल ने मोर्चा संभाला।
ब्रेसवेल और फिलिप्स ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए सिर्फ 40 गेंदों में 115 रन जोड़े। ब्रेसवेल ने 25 गेंदों में 4 चौके और 6 छक्कों की मदद से 65 रन बनाए। वहीं, फिलिप्स कमाल की लय में दिखाई दिए और उन्होंने शतकीय पारी खेली। फिलिप्स ने 49 गेंदों का सामना करते हुए 107 रन बनाए। अपनी इस पारी के दौरान फिलिप्स ने 6 चौके और 10 गगनचुंबी छक्के लगाए।