भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने रविवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ 121 रनों की शानदार जीत के बाद हरमनप्रीत कौर, प्रतिका रावल और दीप्ति शर्मा को सराहा। इन खिलाड़ियों ने टीम को 19/2 की नाजुक स्थिति से उबारा और 'विमेन इन ब्लू' को शानदाज जीत दिलाई। भारत ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली है। सीरीज का अंतिम मैच 28 अक्टूबर को खेला जाएगा।
बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मैच में, शुरुआती तीन ओवरों के भीतर ही स्मृति और शेफाली वर्मा के आउट हो जाने के बाद, हरमनप्रीत और प्रतिका (61 रन) ने तीसरे विकेट के लिए 124 रन जोड़े। इसके बाद, हरमनप्रीत (126 रन) और दीप्ति (नाबाद 106 रन) ने पांचवें विकेट के लिए 153 रनों की रिकॉर्ड साझेदारी की, जिससे भारत का स्कोर 328/6 तक पहुंच गया।
मैच के बाद भारतीय कप्तान स्मृति ने कहा, "आज की सबसे अच्छी बात यह रही कि 19/2 के स्कोर से हम 300 से ज्यादा रन तक पहुंचे। इसका पूरा श्रेय हरमन, प्रतिका और दीप्ति को जाता है, जिन्होंने बहुत शानदार बल्लेबाजी की। उन्हें खेलते देखना वाकई बेहतरीन था।"