दाएं हाथ के ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को श्रीलंका में 9 जून से शुरू होने वाली वनडे फॉर्मेट की त्रिकोणीय सीरीज के लिए 'इंडिया ए' टीम में शामिल किया गया है। गायकवाड़ को चोटिल रियान पराग की जगह टीम में शामिल किया गया है। पराग हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण इस सीरीज से बाहर हो गए हैं।
बीसीसीआई द्वारा रविवार को जारी बयान में कहा गया, "पुरुष चयन समिति ने श्रीलंका में होने वाली आगामी त्रिकोणीय सीरीज के लिए 'इंडिया ए' टीम में ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किया है। उन्होंने उप-कप्तान रियान पराग की जगह ली है। पराग हैमस्ट्रिंग की चोट के कारण सीरीज से बाहर हो गए हैं। रियान के रिहैबिलिटेशन का प्रबंधन बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) द्वारा किया जाएगा।"
पराग को इस त्रिकोणीय सीरीज के लिए 'इंडिया ए' टीम का उप-कप्तान बनाया गया था। आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के कप्तान रियान पराग लीग के दौरान ही हैमस्ट्रिंग का शिकार हुए थे और इसी वजह से लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मैच नहीं खेल पाए थे।