India Wins T20 World Cup: भारत ने रविवार को नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताबी मुकाबले में न्यूजीलैंड के खिलाफ 96 रन से शानदार जीत दर्ज की। इसी के साथ टीम इंडिया रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 विश्व कप विजेता बनी।
भारत को खिताब जिताने में न सिर्फ भारतीय खिलाड़ियों, बल्कि हेड कोच गौतम गंभीर की भी अहम भूमिका रही, जिनके मार्गदर्शन में भारत ने करीब 1 साल के अंतराल में दो आईसीसी टूर्नामेंट्स अपने नाम कर लिए हैं। संयोग की बात ये है कि इन दोनों ही टूर्नामेंट में विपक्षी टीम न्यूजीलैंड ही थी। दोनों बार न्यूजीलैंड की कमान मिचेल सेंटनर के हाथों में थी।
टीम इंडिया ने 9 मार्च 2025 को न्यूजीलैंड के विरुद्ध दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में 4 विकेट से चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीता था। उस मुकाबले में मिचेल सेंटनर की कप्तानी में ही न्यूजीलैंड ने 7 विकेट खोकर 251 रन बनाए थे। इसके जवाब में टीम इंडिया ने 49 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया था।