T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप मुकाबले में इंग्लैंड को कड़ी चुनौती देने के बाद इटली के कप्तान हैरी मानेंटी को अपनी टीम के जुझारू प्रदर्शन पर बहुत गर्व है। सोमवार को ईडन गार्डन्स में इंग्लैंड के खिलाफ 203 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी इटली ने अंत तक लड़कर 178 रन बनाए। यह टीम 24 रन से मुकाबला गंवा बैठी, लेकिन कप्तान ने स्पष्ट तौर पर कहा है कि टीम के पास खोने के लिए कुछ नहीं है। इटली बगैर किसी डर के खेलना जारी रखेगा।
सोमवार को कोलकाता में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने 7 विकेट खोकर 202 रन बनाए। इसके जवाब में इटली ने 178 रन बनाकर दुनिया को अपना माद्दा दिखाया।
मुकाबले के बाद प्रेजेंटेशन के दौरान मानेंटी ने कहा, "हमारे पास खोने के लिए कुछ नहीं है। हम यही सोचकर आए थे। यह हम पर है कि हम फिर से मुकाबला करने की कोशिश करें और सच में उन्हें अपनी सीमा तक धकेलें। पूरे टूर्नामेंट में यही हमारा मकसद है।"