न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने माना कि नई गेंद के साथ गेंदबाजों की खराब शुरुआत टीम की हार का मुख्य कारण रही। गुरुवार को हेगले ओवल में खेले गए पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में भारत ने 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चार विकेट से जीत दर्ज की।
पावरप्ले में भारत ने 1 विकेट खोकर 94 रन बना लिए थे, जिसमें न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाजों द्वारा फेंकी गई कई वाइड गेंदों ने भी भारत की मदद की। हालांकि, न्यूजीलैंड ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन नमन धीर की 15 गेंदों पर नाबाद 42 रनों की पारी ने भारत की जीत पक्की कर दी। भारत ने 2 गेंद शेष रहते ही लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में न्यूजीलैंड ने कुल 17 अतिरिक्त रन दिए।
सैंटनर ने न्यूजीलैंड की हार के बाद कहा, "उन्होंने हम पर दबाव बनाया। हमें पता था कि वह ऐसा ही करेंगे और एक बार फिर उन्होंने पावरप्ले में बहुत रन बनाए। शायद हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर पाए। हमें कुछ चीजों में सुधार करने की जरूरत है, लेकिन मुझे लगता है कि हमें पता है कि गेंद कैसे बर्ताव करती है, इसलिए हम उन्हें धीमा कर सकते हैं। मुझे लगता है कि बीच के ओवरों में हमने उन्हें अच्छे से बांध कर रखा और मुकाबला काफी कड़ा हो गया था। दोनों ही टीमों के पास सुधार करने के लिए कुछ चीजें हैं। यह मैच किसी भी तरफ जा सकता था।"