भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान वहां के प्रधानमंत्री एंथनी अल्बनीज के साथ संयुक्त रूप से घोषणा की थी कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया द्वारा संचालित बिग बैश लीग (बीबीएल) के 16वें सीजन का पहला मैच चेन्नई में खेला जाएगा। तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन (टीएनसीए) के मानद सचिव यू भगवानदास राव ने इस पर प्रसन्नता जताई है।
राव ने कहा, "तमिलनाडु क्रिकेट एसोसिएशन को यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चेन्नई को बिग बैश लीग (बीबीएल) के 2026 सीजन के ओपनिंग मैच के लिए मेजबान शहर के रूप में चुना गया है। मैच 12 दिसंबर, 2026 को एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में खेला जाएगा। चेन्नई में केएफसी बीबीएल 16 सीजन की शुरुआत ऐतिहासिक होगी।"
उन्होंने कहा, "मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच ओपनिंग मैच की मेजबानी करना न केवल चेन्नई के लिए बल्कि पूरे भारतीय क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक मील का पत्थर है। अपने जोशीले फैन बेस और शानदार क्रिकेट विरासत के लिए मशहूर, चेन्नई खिलाड़ियों, अधिकारियों और दर्शकों, सभी को एक शानदार अनुभव देने के लिए तैयार है।"