भारत के हेड कोच गौतम गंभीर ने कहा है कि ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अभी वनडे में अपने पूरे 10 ओवर फेंकने के लिए फिट नहीं हैं। उन्हें जल्दीबाजी में भारतीय टीम में नहीं लाया जाएगा।
हार्दिक पांड्या इंजरी की वजह से आईपीएल 2026 के बाद से ही क्रिकेट से दूर हैं। उन्हें ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ 50 ओवर की सीरीज के लिए भारत ए टीम में चुना गया है, लेकिन उनका खेलना बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) से मिलने वाली फिटनेस क्लियरेंस पर निर्भर है। हार्दिक पांड्या के फिट नहीं होने की वजह से ही नितीश कुमार रेड्डी को एशियन गेम्स की टीम से बाहर करते हुए वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली सीरीज में टीम में शामिल किया गया है।
भारतीय टीम के हेड कोच गौतम गंभीर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "सबसे पहले, नितीश के नजरिए से, यह वास्तव में एक अच्छी बात है कि उन्हें टी20 फॉर्मेट से हटा दिया गया है। उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का समय मिलेगा। हम जानते हैं कि शायद एक साल में जब हम दक्षिण अफ्रीका और नामीबिया जाएंगे तो तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर अहम होंगे।"