भारतीय क्रिकेट में ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या की क्षमता को बहुत ही उच्चतम स्तर पर देखा जाता है। हार्दिक अपनी गेंद और बल्ले के साथ-साथ अपने क्षेत्ररक्षण के दम पर भी भारत को मैच जिताने के लिए जाने जाते हैं। हार्दिक के टक्कर का तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर न सिर्फ भारत में बल्कि वैश्विक स्तर पर भी मिलना मुश्किल है।
हार्दिक बड़े मौकों के खिलाड़ी हैं और बड़े टूर्नामेंट में उनका प्रदर्शन और भी निखरकर सामने आता है। टी20 विश्व कप 2024 से पहले हार्दिक पांड्या अपनी फॉर्म से जूझ रहे थे और निजी जीवन की वजह से भी चर्चा में थे, लेकिन जब विश्व कप आया तो इस ऑलराउंडर ने गेंद और बल्ले से यादगार प्रदर्शन किया और भारतीय टीम को 2007 के बाद 2024 में दूसरी बार विश्व कप जिताने में अहम योगदान दिया। हार्दिक टी20 विश्व कप 2024 के अनसंग हीरो हैं। टी20 विश्व कप 2024 फाइनल के आखिरी ओवर में खतरनाक डेविड मिलर को आउट कर हार्दिक ने भारत का चैंपियन बनना सुनिश्चित किया था।
टी20 विश्व कप 2024 के 8 मैचों में 144 रन बनाने के साथ ही हार्दिक ने 8 विकेट भी लिए थे। इसके बाद चैंपियंस ट्रॉफी 2025 और टी20 विश्व कप 2026 में भी भारत को चैंपियन बनाने में हार्दिक की अहम भूमिका रही थी।