FIFA World Cup: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के बीच ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार एक बार फिर चर्चा का विषय बन गए हैं। चोट के कारण उनकी टीम से लगातार गैरमौजूदगी को लेकर ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज इनासियो लूला डा सिल्वा ने मजाकिया टिप्पणी की, जिसके बाद इस मुद्दे पर बहस और तेज हो गई है।
नेमार ग्रुप सी में हैती के खिलाफ खेले गए ब्राजील के दूसरे मुकाबले में भी मैदान पर नहीं उतरे। 34 वर्षीय फॉरवर्ड खिलाड़ी को 17 मई को अपने क्लब सैंटोस के लिए खेलते समय पिंडली में ग्रेड-2 चोट लगी थी। वह अब भी पूरी तरह फिट नहीं हुए हैं और इसी कारण वर्ल्ड कप के शुरुआती मैचों में नहीं खेल रहे हैं। मोरक्को के खिलाफ ब्राजील का पहला मैच 1-1 से ड्रॉ रहा था। उस मुकाबले में टीम को नेमार की कमी साफतौर पर खली थी। ब्राजील को गोल करने के ज्यादा मौके नहीं मिले और टीम आक्रमण में वह धार नहीं दिख सकी जिसके लिए ब्राजील को जाना जाता है।
नेमार के शुरुआती दो मुकाबलों में न खेलने को लेकर ब्राजील के राष्ट्रपति लूला ने एक कार्यक्रम के दौरान माजाकिया अंदाज में कहा, "नेमार तो खेल भी नहीं रहे हैं। वह दुनिया के पहले ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्हें रिमोट वर्क के लिए बुलाया गया है।" उनकी यह टिप्पणी सोशल मीडिया और ब्राजीलियाई मीडिया में तेजी से वायरल हो गई।