इंग्लैंड की विश्व कप विजेता कप्तान हीथर नाइट ने ऐलान किया है कि वह भारत के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के बाद इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो जाएंगी।
हीथर की घोषणा के साथ ही उनके 16 साल लंबे करियर का अंत होगा। नाइट ने 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और वह इंग्लैंड की महिला टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी के तौर पर खेल को अलविदा कह रही हैं। अपने करियर में उन्होंने कुल 320 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले, जिनमें 15 टेस्ट, 160 वनडे और 145 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं।
नाइट ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 7,988 रन बनाए और छह शतक लगाए। साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में उन्होंने अपना पहला टी20 अंतरराष्ट्रीय शतक लगाया। इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर बनीं।