इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) ने मंगलवार को जिम्बाब्वे की पूर्व महिला क्रिकेटर और इंटरनेशनल अंपायर सारा दंबनेवाना के निधन पर शोक जताया। दंबनेवाना का महज 36 साल की उम्र में बीमारी की वजह से निधन हो गया।
दंबनेवाना ने अंपायरिंग में आने से पहले एक तेज गेंदबाज के तौर पर जिम्बाब्वे का प्रतिनिधित्व किया था। वह देश की शुरुआती महिला मैच अधिकारियों में से एक बनीं। 2022 में वह आईसीसी डेवलपमेंट अंपायर पैनल में शामिल होने वाली जिम्बाब्वे की पहली महिला अंपायर बनीं। उन्हें जनवरी 2023 में आईसीसी अंडर-19 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में अपनी पहली आईसीसी नियुक्ति मिली।
उन्होंने 2 सितंबर 2023 को गैबोरोन में केन्या और बोत्सवाना के बीच विमेंस टी20 में अपना इंटरनेशनल अंपायरिंग डेब्यू किया। उनके प्रदर्शन की वजह से उन्हें बाद में यूनाइटेड अरब अमीरात में आईसीसी विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2024 के लिए अधिकारी के तौर पर चुना गया।