भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा टेस्ट मैच रविवार से कोलंबो के सिंहली क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाना है। मैच से पहले श्रीलंकाई कप्तान धनंजय डी सिल्वा का कहना है कि टीम इस मुकाबले में दो तेज गेंदबाज और दो स्पिनर्स के कॉम्बिनेशन के साथ मैदान पर उतरेगी।
श्रीलंका को गाले में 165 रनों से हार का सामना करना पड़ा था और अब वे वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (डब्ल्यूटीसी) के जरूरी 12 अंक हासिल करने के लिए वापसी करना चाहते हैं। प्रेस कॉन्फ्रेंस में बात करते हुए धनंजय डी सिल्वा ने कहा, "बात बोर्ड पर रन बनाने की है। भारत ने भी यही किया था (गाले में)। पहले दो दिनों तक उन्होंने बल्लेबाजी की और 460 रन बनाए। हम बेहतर खेलने, कुछ रन बनाने और 20 विकेट लेने की कोशिश कर रहे हैं।"
श्रीलंकाई कप्तान ने आगे कहा, "हम एक मैच हार चुके हैं और निराश हैं। यहां हमें शुरुआत से ही अच्छा खेलना होगा। भले ही हमारे पास अनुभव की कमी है, लेकिन हमारे पास बहुत टैलेंट है। कई खिलाड़ियों ने टेस्ट और 'ए' टीम में अच्छा प्रदर्शन किया है। पिच काफी सूखी है और पहले दो दिनों में बल्लेबाजी के लिए अच्छी रहेगी। कॉम्बिनेशन की बात करें तो हम वही रखेंगे - दो तेज गेंदबाज और दो स्पिनर।"